नई दिल्ली नगरपालिका परिषद
संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता
• केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्री नित्यानंद राय ने मालचा मार्केट में एनडीएमसी के स्वच्छता ही सेवा अभियान में भाग लिया,
• गृह राज्यमंत्री श्री नित्यानंद राय ने स्वच्छता मिशन में योगदान के लिए एनडीएमसी के सफाई सेवकों एवं पालिका सहायकों को सम्मानित किया।
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर, 2026.गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत मिशन दिवस के अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान के अंतर्गत मालचा मार्केट परिसर में विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान का आयोजन किया गया। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री, श्री नित्यानंद राय ने इस स्वच्छता अभियान में भाग लिया और स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल हुए।
विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), भारत सरकार, श्री आनंद स्वरूप, एनडीएमसी अध्यक्ष, श्री मनोज कुमार द्विवेदी, पालिका परिषद के वरिष्ठ अधिकारी, मालचा मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा अन्य हितधारकों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता एवं नागरिक दायित्व के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई।
स्वच्छता अभियान में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए श्री नित्यानंद राय ने कहा कि आज का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती है। महात्मा गांधी के जीवन और दर्शन में स्वच्छता, अनुशासन और सार्वजनिक दायित्व को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार माना गया था। उन्होंने स्मरण कराया कि वर्ष 2014 में इसी दिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन का शुभारंभ किया था, जो आज एक व्यापक जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
गृह राज्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति दृष्टिकोण में व्यापक एवं दृश्यमान परिवर्तन लाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता का अभियान केवल घरों या व्यक्तिगत परिसरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नागरिकों को अपने पड़ोस, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और व्यापक सामुदायिक क्षेत्रों की स्वच्छता के लिए भी सामूहिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
श्री राय ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा केवल एक स्वच्छता अभियान नहीं, बल्कि व्यवहार एवं सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक जन आंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से इस राष्ट्रीय प्रयास में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया तथा प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम दस अन्य लोगों को स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में स्थायी और दीर्घकालिक सुधार सुनिश्चित करने के लिए जन भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री राय ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में वृक्षारोपण की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पारिस्थितिक संरक्षण में योगदान देते हैं, बल्कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मालचा मार्केट परिसर में एक पौधा रोपित किया।
गृह राज्यमंत्री श्री राय ने स्वच्छता कर्मियों के समर्पण और योगदान की भी सराहना की तथा उन्हें देश के स्वच्छता मिशन के अग्रिम पंक्ति के कर्मी बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मी प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, लेकिन स्वच्छता बनाए रखने की व्यापक जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की भी है। उन्होंने आम जनता से स्वच्छता कर्मियों के प्रति अधिक सम्मान, सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री नित्यानंद राय ने स्वच्छता सेवकों एवं पालिका सहायकों को उनके उत्कृष्ट योगदान तथा BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रदान की गई समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान श्री नित्यानंद राय एवं श्री आनंद स्वरूप ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। स्वच्छता शपथ ने सामूहिक जिम्मेदारी और स्वच्छता आंदोलन में नागरिक भागीदारी की भावना को और मजबूत किया।
यह कार्यक्रम स्वच्छता, जन भागीदारी, पर्यावरणीय स्थिरता एवं नागरिक दायित्व को सुदृढ़ करने के प्रति एनडीएमसी की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है तथा एक स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ नई दिल्ली के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करता है।
0 टिप्पणियाँ