नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC)
संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता
- एनडीएमसी अध्यक्ष ने उदाहरण प्रस्तुत करते हुए, माननीय प्रधानमंत्री के मितव्ययिता आह्वान के अनुरूप मेट्रो से आए कार्यालय,
- एनडीएमसी अध्यक्ष ने मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठकें कीं,
- एनडीएमसी अध्यक्ष ने कर्मचारियों एवं नागरिकों से हरित परिवहन विकल्प अपनाने की अपील की,
- एनडीएमसी द्वारा अपने क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क में 50% की विशेष छूट देनी की शुरू,
- एनडीएमसी द्वारा कर्मचारियों के आवागमन के लिए इलेक्ट्रिक ऑटो एवं शटल बस सुविधा उपलब्ध कराई गईं ।
नई दिल्ली, 19 मई 2026. सतत विकास और वित्तीय मितव्ययिता के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाते हुए एक सराहनीय पहल में, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष श्री केशव चंद्र ने आज कार्यालय आने के लिए दिल्ली मेट्रो से यात्रा की और पालिका केंद्र, नई दिल्ली पहुंचे।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा ईंधन की बचत और मितव्ययिता अपनाने के आह्वान के अनुरूप, एनडीएमसी अध्यक्ष ने अपने सहयोगियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा की और इसके बाद कार्यालय पहुंचने के लिए इलेक्ट्रिक ऑटो का उपयोग किया।
कार्यालय पहुंचने के उपरांत, एनडीएमसी अध्यक्ष ने मुख्यालय से ही साप्ताहिक वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक (SoM) वर्चुअल माध्यम से आयोजित की, जिससे मुख्यालय के बाहर तैनात अधिकारियों की अनावश्यक यात्रा को कम कर ईंधन की बचत और डिजिटल माध्यमों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा सके।
यह पहल एनडीएमसी की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और नागरिकों एवं अधिकारियों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रेरित करने का प्रयास है। पालिका परिषद - अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत यह उदाहरण सतत शहरी परिवहन और संसाधनों के कुशल उपयोग की दिशा में सामूहिक बदलाव को प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर श्री चंद्रा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ईंधन संरक्षण, ऊर्जा दक्षता तथा स्वच्छ एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने के राष्ट्रीय आह्वान से प्रेरित होकर, एनडीएमसी ने नई दिल्ली—जो राष्ट्रीय राजधानी का हृदय है—में पर्यावरण अनुकूल परिवहन को प्रोत्साहित करने हेतु कई महत्वपूर्ण ग्रीन मोबिलिटी पहल शुरू की हैं।
एनडीएमसी अध्यक्ष - श्री केशव चंद्रा ने बताया कि एनडीएमसी ने अपने सभी अधिसूचित पार्किंग स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के लिए समान श्रेणी के पेट्रोल एवं डीज़ल वाहनों की तुलना में पार्किंग शुल्क में 50% की विशेष छूट प्रदान करने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए यह छूट 18 मई 2026 से लागू कर दी गई है और आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगी।
श्री चंद्रा ने कहा कि यह निर्णय “ग्रीन मोबिलिटी” और “सतत शहरी परिवहन” के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी तथा राजधानी में स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में सहायता मिलेगी।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि कर्मचारियों को सुविधाजनक, किफायती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 मई 2026 से पालिका केंद्र और निकटवर्ती मेट्रो स्टेशनों तथा एसबीएस - गोल मार्केट के बीच ईवी ऑटो सेवा प्रारंभ की गई है। यह सेवा पालिका केंद्र और निकटवर्ती मेट्रो स्टेशन—पटेल चौक, राजीव चौक और जनपथ—तथा विभिन्न फील्ड कार्यालयों/विभागों के बीच उपलब्ध है।
हरित परिवहन पहल के अंतर्गत, एनडीएमसी ने अपने विभिन्न आवासीय परिसरों से पालिका केंद्र तक कर्मचारियों के लिए बस शटल सेवा भी शुरू की है। यह सेवा प्रमुख एनडीएमसी आवासीय परिसरों—पालिका आवास सरोजिनी नगर, अमृत काल निवास, जोर बाग, बापू धाम चाणक्यपुरी, वाल्मीकि सदन, मंदिर मार्ग तथा अन्य निकटवर्ती परिषद आवासीय कॉलोनियों, साथ ही रोहिणी और साकेत आवासीय परिसरों—से संचालित की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, फील्ड स्टाफ एवं कर्मचारियों के लिए “लास्ट माइल कनेक्टिविटी” सुनिश्चित करने हेतु ईवी स्कूटर सेवा भी प्रारंभ की गई है, जिससे कार्यस्थलों एवं फील्ड लोकेशनों तक त्वरित, सुगम और पर्यावरण अनुकूल आवागमन संभव हो सके।
श्री केशव चंद्रा ने यह भी कहा कि एनडीएमसी “ग्रीन इंडिया” और “सतत शहरी विकास” के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित, आधुनिक एवं पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।
एनडीएमसी अध्यक्ष ने सभी कर्मचारियों एवं नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में ग्रीन मोबिलिटी विकल्प अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पैदल चलना, साइकिल चलाना, कारपूलिंग तथा इलेक्ट्रिक या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग न केवल वायु प्रदूषण को कम करेगा, बल्कि जनस्वास्थ्य में सुधार और ऊर्जा संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। हम सभी द्वारा किए गए छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से पर्यावरण पर बड़ा सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमें उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सतत आवागमन के तरीकों को अपनाना चाहिए, ताकि एक स्वस्थ वातावरण, कम कार्बन उत्सर्जन और अधिक रहने योग्य शहर का निर्माण किया जा सके।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद पुनः राष्ट्रीय प्राथमिकताओं—ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण—के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है और राजधानी के नागरिकों की सेवा जिम्मेदारी एवं दूरदर्शिता के साथ करता रहेगी।
0 टिप्पणियाँ