नई दिल्ली नगरपालिका परिषद
संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता
* नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए एनडीएमसी ने व्यापक नागरिक सुविधाओं और सेवाओं की तैयारियों को तेज किया,*
* 41 प्रमुख सड़कों को तैयारियों के लिए 14 सर्किलों में विभाजित किया गया; 24×7 सेवा निगरानी, चौबीसों घंटे स्वच्छता व्यवस्था एवं व्यापक सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार — श्री मनोज कुमार द्विवेदी,*
* एनडीएमसी क्षेत्र में पुष्प सुसज्जित बोर्ड के लिए 15 स्थान, फूलों के फव्वारों के लिए 09 स्थान तथा विद्युत सजावटी रोशनी के लिए 17 गोलचक्कर चिन्हित; सौंदर्यीकरण के लिए अनेक अन्य स्थल भी निर्धारित — श्री मनोज कुमार द्विवेदी.*
नई दिल्ली, 24 अगस्त, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने नई दिल्ली में आगामी ब्रिक्स ( BRICS ) शिखर सम्मेलन के मद्देनजर अपने क्षेत्र में निर्बाध शहरी सेवाएं, विश्वस्तरीय स्वच्छता, बेहतर सौंदर्यीकरण तथा प्रभावी नागरिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक एवं समन्वित नागरिक तैयारी योजना लागू की है। यह जानकारी पालिका परिषद् के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक के बाद दी।
ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक के उपरांत श्री द्विवेदी ने कहा कि, “इस तैयारी योजना का उद्देश्य शिखर सम्मेलन की पूरी अवधि के दौरान प्रभावी योजना, समन्वित क्रियान्वयन, निर्बाध नागरिक सेवाएं तथा शहरी प्रबंधन के अंतरराष्ट्रीय मानकों को सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों के समक्ष स्वच्छ, हरित, सुव्यवस्थित और सौंदर्य की दृष्टि से उत्कृष्ट स्वरूप प्रस्तुत करे।” इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए एनडीएमसी अध्यक्ष ने बताया कि -
*सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों का व्यापक सौंदर्यीकरण:*
सौंदर्यीकरण की रणनीति के तहत 41 प्रमुख सड़कों की पहचान कर उन्हें 14 सर्किलों में विभाजित किया गया है, तथा प्रत्येक सर्किल के लिए एक समर्पित नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक नोडल अधिकारी अपने संबंधित फील्ड टीम के साथ प्रतिदिन क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण करेगा, ताकि निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की दृश्य सुंदरता बढ़ाने के लिए 15 स्थानों पर फ्लोरल बोर्ड, 9 स्थानों पर फ्लोरल फाउंटेन तथा 17 राउंडअबाउट पर विशेष सौंदर्यीकरण एवं लैंडस्केपिंग की व्यवस्था की जाएगी।
पालिका परिषद् अध्यक्ष - श्री द्विवेदी ने बताया कि इसके अतिरिक्त अनेक प्रमुख स्थलों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों को विशेष नागरिक रखरखाव, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के लिए चिन्हित किया गया है। सुरक्षा कारणों से इन विशिष्ट स्थानों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
*चौबीसों घंटे स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था :*
एनडीएमसी द्वारा 24×7 स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत 9 से 14 सितंबर, 2026 तक अतिरिक्त स्वच्छता कर्मचारियों तथा विशेष रात्रि ड्यूटी टीमों की तैनाती की जाएगी। स्वच्छता व्यवस्था के तहत मैकेनिकल रोड स्वीपर (MRS), गोबलर, पुश-बैक मैनुअल स्वीपर, राइड-ऑन स्वीपर तथा राइड-ऑन स्क्रबर के माध्यम से गहन सफाई की जाएगी। इसके अलावा अस्थायी डस्टबिन एवं मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे तथा आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई भी स्वच्छता योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
चिन्हित क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए एनडीएमसी होटलों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशनों (MTAs) तथा अन्य संबंधित हितधारकों के साथ निकट समन्वय बनाए रखेगा।
*उन्नत हरियाली एवं हरित क्षेत्र का रखरखाव :*
बागवानी योजना के अंतर्गत लैंडस्केपिंग, मौसमी फूलों का रोपण, मिट्टी वाले /खाली क्षेत्रों को हरित बनाना, ग्रीन कॉरिडोर का रखरखाव, झाड़ियों की छंटाई तथा फ्लोरल बोर्ड और सजावटी प्लांटर्स की स्थापना की जाएगी। प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं महत्वपूर्ण आवागमन मार्गों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें ताजा, आकर्षक, जीवंत एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
*बुनियादी ढांचा एवं नागरिक सुविधाएं :*
एनडीएमसी ने बुनियादी ढांचे के रखरखाव को भी प्राथमिकता दी है। इसके तहत सड़कों के गड्ढों एवं फुटपाथों की मरम्मत, रेलिंग, रोड साइन एवं स्ट्रीट फर्नीचर का रखरखाव, मलबा हटाने तथा उचित वर्षा जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
चिन्हित क्षेत्रों में सभी सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि शिखर सम्मेलन की पूरी अवधि के दौरान वे कार्यशील, स्वच्छ एवं उचित रूप से अनुरक्षित रहें।
*विश्वसनीय विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था :*
पालिका परिषद् द्वारा स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के साथ-साथ चिन्हित स्थानों पर सजावटी विद्युत प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। पर्याप्त बैकअप पावर की व्यवस्था रखी जाएगी तथा विद्युत या प्रकाश व्यवस्था से संबंधित किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमों (QRTs) की तैनाती की जाएगी।
*ब्रांडिंग एवं प्रचार-प्रसार :*
आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की व्यापक तैयारियों के तहत एनडीएमसी नागरिकों, हितधारकों एवं आगंतुकों को परिषद की तैयारियों और नागरिक पहलों के संबंध में जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार एवं संचार अभियान चलाएगा। एनडीएमसी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से नियमित अपडेट जारी किए जाएंगे। इसके अलावा पालिका परिषद् क्षेत्र के प्रमुख राउंडअबाउट, सार्वजानिक शौचालयों पर रणनीतिक रूप से प्रचार एवं जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। इन पहलों के माध्यम से शिखर सम्मेलन से संबंधित व्यवस्थाओं की व्यापक दृश्यता सुनिश्चित की जाएगी।
जन-जागरूकता के लिए 154 डिजिटल स्क्रीन तथा लगभग 83 शौचालयों पर ब्रिक्स सम्मेलन से संबंधित ब्रांडिंग प्रदर्शित की जाएगी। इसके अतिरिक्त एनडीएमसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संबंधित पोस्ट पहले ही जारी किए जा रहे हैं।
*सार्वजनिक स्थलों पर सख्त प्रवर्तन कार्यवाही :*
सार्वजनिक स्थलों के सुव्यवस्थित एवं बेहतर स्वरूप को बनाए रखने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जाएंगे। इनमें अतिक्रमण एवं अनधिकृत होर्डिंग हटाना, स्ट्रीट वेंडिंग का नियमन तथा निर्माण गतिविधियों की निगरानी शामिल होगी, विशेष रूप से महत्वपूर्ण एवं वीआईपी आवागमन मार्गों पर इसका सख्ती से पालन किया जाएगा।
*चिकित्सा एवं निवारक स्वास्थ्य तैयारियां :*
चिन्हित स्थानों पर एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीमों की तैनाती की जाएगी। एनडीएमसी द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया जाएगा तथा मच्छर नियंत्रण एवं अन्य निवारक जनस्वास्थ्य उपायों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
*मानसून एवं मौसमी तैयारियां :*
वर्षा की संभावना को ध्यान में रखते हुए जलभराव को न्यूनतम करने, प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने तथा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जमा सूखी पत्तियों एवं अन्य कचरे को समय पर हटाने के लिए निवारक उपाय किए जाएंगे।
*पार्किंग एवं अंतर-विभागीय समन्वय :*
अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे तथा आवश्यकता के अनुसार निर्धारित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पालिका परिषद् सुचारु यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा सार्वजनिक स्थलों के प्रभावी प्रबंधन के लिए दिल्ली पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ निकट समन्वय बनाए रखेगा।
ब्रिक्स कार्यक्रमों के लिए समर्पित नागरिक सहयोग :
पालिक परिषद ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इनमें ब्रिक्स बाजार , ब्रिक्स रन एंड राइड , ब्रिक्स म्यूरल और पेंटिंग तथा ब्रिक्स फूड फेस्टिवल सहित विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
नामित अधिकारी संबंधित विभागों एवं हितधारकों के साथ समन्वय कर संबंधित कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, सैनिटेशन, बागवानी, बुनियादी ढांचे, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
*24×7 निगरानी एवं कमांड एंड कंट्रोल :*
वास्तविक समय में निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे कार्य करेगा।
पालिका परिषद विभिन्न नागरिक सेवाओं की निगरानी के लिए 24×7 कमांड एंड कंट्रोल सेंटर संचालित करेगा। व्यवस्थाओं की निगरानी सीसीटीवी सर्विलांस, फील्ड रिपोर्ट एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण के माध्यम से की जाएगी।
श्री द्विवेदी ने यह भी बताया कि समन्वित क्रियान्वयन, निगरानी एवं समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए विभागीय नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है। 14 सर्किल नोडल अधिकारी अपने-अपने दलों के साथ प्रतिदिन क्षेत्रीय निरीक्षण करेंगे और चिन्हित कमियों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
एनडीएमसी, विदेश मंत्रालय (MEA), जिला प्रशासन, दिल्ली सरकार एवं केंद्र सरकार की संबंधित एजेंसियों के साथ निकट समन्वय स्थापित कर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए सर्वोत्तम नागरिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।
*मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन एवं आरडब्ल्यूए से सहयोग की अपील :*
एनडीएमसी अध्यक्ष ने मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशनों (MTAs), रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs) तथा पालिका परिषद् क्षेत्र की सभी संस्थाओं एवं प्रतिष्ठानों से अपील की कि वे इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करते हुए नई दिल्ली का सर्वोत्तम स्वरूप प्रस्तुत करने में सहयोग करें।
अंत में श्री द्विवेदी ने कहा कि यह व्यापक तैयारी योजना एनडीएमसी की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की पूरी अवधि के दौरान नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्वरूप में बनाए रखने के साथ-साथ निवासियों, आगंतुकों एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को निर्बाध एवं उच्च गुणवत्ता वाली नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
0 टिप्पणियाँ