एनडीएमसी अध्यक्ष ने पालिका केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता 
नई दिल्ली


• एनडीएमसी अध्यक्ष ने पालिका केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

• एनडीएमसी अध्यक्ष ने आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर विशेष जोर दिया।

• एनडीएमसी अध्यक्ष ने लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया।

नई दिल्ली – 15 अगस्त, 2026.नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के अध्यक्ष - श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने आज भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनडीएमसी मुख्यालय पालिका केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
एनडीएमसी मुख्यालय में ध्वजारोहण के अवसर पर उपाध्यक्ष, एनडीएमसी – श्री कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य - श्री अनिल वाल्मीकि एवं श्री डी.पी. सिंह, सचिव- एनडीएमसी श्री राहुल सिंह, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा शिक्षक भी उपस्थित रहें।

इस अवसर पर राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की सीमाओं की दुश्मनों से रक्षा करते हुए शहीद हुए सशस्त्र बलों एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों को याद करते हुए श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन तथा राष्ट्र की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की।

ध्वजारोहण समारोह के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पालिका परिषद अध्यक्ष ने एनडीएमसी टीम से आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए उसी प्रतिबद्धता, पेशेवर दक्षता और तैयारियों के साथ जुट जाने का आह्वान किया, जैसा कि जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए एनडीएमसी को सौंपी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा उच्चतम गुणवत्ता और उत्कृष्टता के मानकों के अनुरूप पूरा किया जाना चाहिए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन के रूप में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए एनडीएमसी को वैश्विक मानकों के अनुरूप कार्य करना होगा और बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण तथा समग्र तैयारियों के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “मुझे केवल आशा ही नहीं, बल्कि पूरा विश्वास है कि हमारे सामूहिक प्रयासों, समर्पण और टीमवर्क के साथ एनडीएमसी टीम एक बार फिर इस अवसर पर खरा उतरेगी और हमें सौंपी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक पूरा करेगी।”

पिछले वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए एनडीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि परिषद द्वारा पूर्व में सफलतापूर्वक पूरी की गई परियोजनाओं ने न केवल परिषद की संस्थागत क्षमता और कार्यान्वयन की मजबूती को प्रदर्शित किया है, बल्कि सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को भी बेहतर बनाया है और नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने में सहायता की है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उत्कृष्टता की इसी भावना को बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सभी चल रही परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर, गुणवत्ता, कार्यक्षमता अथवा वैश्विक मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना पूरी की जाएं।

राष्ट्रीय ध्वज फहराने से पहले एनडीएमसी के सुरक्षा एवं अग्निशमन कर्मियों ने एनडीएमसी अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनडीएमसी ने अपने मुख्यालय, कन्वेंशन सेंटर, एनडीसीसी भवन, कनॉट प्लेस, चरखा संग्रहालय, पालिका बाजार तथा अन्य प्रमुख भवनों को लगभग 18,000 तिरंगे रंग के बल्बों से रोशन किया है।

पूरे एनडीएमसी क्षेत्र की एवेन्यू सड़कों पर स्थित विद्युत खंभों पर कुल 3,000 राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित किए गए।

 इसके अतिरिक्त, नई दिल्ली क्षेत्र में सड़कों के किनारे 12 पुष्प बोर्ड एवं पुष्प फव्वारे भी लगाए गए, जिनके माध्यम से नागरिकों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ