नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC)
संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता
o एनडीएमसी अध्यक्ष - श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने 10 दिवसीय ‘हर घर तिरंगा’ कला प्रदर्शनी के प्रमुख कलाकारों को किया सम्मानित,
o “निर्बाध नागरिक सेवाएं और विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ एनडीएमसी कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है” – श्री मनोज कुमार द्विवेदी,
o एनडीएमसी ने रचनात्मकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के जीवंत प्रदर्शन के साथ ‘हर घर तिरंगा 2026’ कला प्रदर्शनी का किया समापन,
o लगभग 80 कलाकृतियां और 15 मूर्तियां प्रदर्शित; 10 प्रसिद्ध कलाकारों ने विशेष लाइव पेंटिंग कार्यशाला में लिया भाग।
नई दिल्ली, 20 अगस्त ,नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने नव सिद्धार्थ आर्ट ग्रुप के सहयोग से नई दिल्ली स्थित जनपथ सबवे आर्ट गैलरी में आयोजित विशेष ‘हर घर तिरंगा 2026’ कला प्रदर्शनी एवं लाइव पेंटिंग कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन किया। यह आयोजन भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को समर्पित था।
एनडीएमसी के अध्यक्ष - श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने आज जनपथ सबवे आर्ट गैलरी, आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली में आयोजित 10 दिवसीय विशेष समूह कला प्रदर्शनी ‘हर घर तिरंगा’ के समापन समारोह के अवसर पर प्रदर्शनी में रचनात्मक योगदान देने वाले प्रमुख कलाकारों को सम्मानित किया।
10 दिवसीय कला प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद एनडीएमसी अध्यक्ष - श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि वे सभी प्रतिभागी कलाकारों की रचनात्मकता, विचारों और भावनाओं को इतनी लगन एवं ईमानदारी से अभिव्यक्त करने के लिए उनकी सराहना और अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि कला में व्यक्ति को आध्यात्मिकता के करीब लाने की अद्वितीय शक्ति होती है और यह आत्मिक जुड़ाव का एक गहरा माध्यम है। प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियां विभिन्न दार्शनिक और आध्यात्मिक विषयों को सुंदर ढंग से प्रतिबिंबित करती हैं।
श्री द्विवेदी ने आगे कहा कि यह प्रदर्शनी अभी सीमित स्तर पर आयोजित की गई है, लेकिन हमारा दृष्टिकोण इसे एक बहुत बड़े मंच तक ले जाने का है। इसके लिए न केवल दिल्ली और देश के विभिन्न हिस्सों, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों के कलाकारों को भी एक साथ लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए एनडीएमसी ब्रिक्स देशों और अन्य देशों के कलाकारों की कलात्मक अभिव्यक्तियों एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार करेगा।
श्री द्विवेदी ने कहा कि निर्बाध नागरिक सेवाएं और विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ एनडीएमसी कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारा दृढ़ विश्वास है कि किसी भी सभ्यता और संस्कृति की वास्तविक विरासत उसकी कला में निहित होती है, क्योंकि कला समाज की भावनाओं, मूल्यों, कल्पनाशक्ति और सामूहिक चेतना को अभिव्यक्ति प्रदान करती है।”
सम्मानित किए गए कलाकारों में श्री दिलीप चंदोलिया, श्री दिनेश राम, श्री सेलेंद्र सिंह, श्री रामोनकर, श्री रुद्र, श्री अमित दत्त, श्री अनिल कुमार शर्मा, सुश्री पूनम यादव, श्री प्रशांत एवी और श्री सुरेंद्र के. मिश्रा शामिल थे। एनडीएमसी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ‘हर घर तिरंगा कला प्रदर्शनी’ में भाग लेने वाले कलाकारों को कुल 80 प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
समापन समारोह के दौरान प्रदर्शनी और लाइव पेंटिंग कार्यशाला में योगदान के लिए प्रतिभागी कलाकारों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस पहल ने प्रतिष्ठित एवं उभरते कलाकारों को अपनी रचनात्मकता व्यक्त करने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया और साथ ही उन्हें ‘हर घर तिरंगा’ के व्यापक राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का अवसर दिया।
एनडीएमसी के निदेशक (कला एवं संस्कृति) श्री राजेश कुमार शाह ने बताया कि समापन समारोह में कलाकारों, कला प्रेमियों और आम जनता ने भाग लिया तथा कला और देशभक्ति के बीच मजबूत संबंध का उत्सव मनाया। प्रदर्शनी में लगभग 80 चित्रों और 15 मूर्तियों का जीवंत संग्रह प्रस्तुत किया गया, जिसमें भारत की राष्ट्रीय पहचान, विरासत, एकता और तिरंगे के महत्व की विभिन्न कलात्मक अभिव्यक्तियां देखने को मिलीं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण लाइव पेंटिंग कार्यशाला रही, जिसमें 10 प्रसिद्ध कलाकारों ने दर्शकों के सामने लाइव पेंटिंग बनाई। इससे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उत्सव को एक गतिशील और प्रेरणादायक आयाम मिला। कलाकारों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से एकता, विविधता, स्वतंत्रता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव जैसे मूल्यों को उजागर किया।
‘हर घर तिरंगा 2026’ कला प्रदर्शनी एवं लाइव पेंटिंग कार्यशाला का आयोजन एनडीएमसी द्वारा नव सिद्धार्थ आर्ट ग्रुप के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की भावना का उत्सव मनाना और नागरिकों को तिरंगे द्वारा प्रदर्शित मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करना था।
0 टिप्पणियाँ