एनडीएमसी ने 34 स्थानों पर ‘व्यापक पौधारोपण अभियान–2026’ का शुभारंभ कर दिल्ली की हरित विरासत को किया और सशक्त,



नई दिल्ली नगरपालिका परिषद
संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता 

• एनडीएमसी ने 34 स्थानों पर ‘व्यापक पौधारोपण अभियान–2026’ का शुभारंभ कर दिल्ली की हरित विरासत को किया और सशक्त,

• एनडीएमसी क्षेत्र में जनभागीदारी आधारित विशाल पर्यावरणीय अभियान के अंतर्गत 612 से अधिक वृक्ष एवं 50,200 झाड़ियों का रोपण किया,

• दिल्ली सरकार के मंत्री, नई दिल्ली की सांसद, एनडीएमसी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं परिषद के सदस्यों ने नई दिल्ली में पौधारोपण अभियान का नेतृत्व किया।

नई दिल्ली, 07 जुलाई, 2026.नई दिल्ली के हरियाली तंत्र को सुदृढ़ बनाने तथा पर्यावरणीय सततता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने आज अपने क्षेत्र के 34 विभिन्न स्थलों पर ‘व्यापक पौधारोपण अभियान–2026’ का आयोजन किया। यह अभियान भारत सरकार के माननीय केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा शुभारंभ किए गए शहरव्यापी पौधारोपण अभियान का ही हिस्सा है।
इस शहरव्यापी अभियान में जनप्रतिनिधियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशनों (एमटीए), शैक्षणिक संस्थानों, नागरिक समाज संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह अभियान हरित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण हेतु ‘जनभागीदारी’ का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।
पौधारोपण अभियान का नेतृत्व करते हुए दिल्ली सरकार के मंत्री - श्री प्रवेश साहिब सिंह ने इंडिया गेट स्थित चिल्ड्रन्स पार्क में पौधारोपण किया। नई दिल्ली की सांसद - सुश्री बांसुरी स्वराज ने लक्ष्मीबाई नगर स्थित संजय झील पार्क में पौधा लगाया। एनडीएमसी के अध्यक्ष - श्री केशव चंद्रा ने नेहरू पार्क तथा उपाध्यक्ष - श्री कुलजीत सिंह चहल ने लोधी गार्डन में पौधारोपण अभियान का नेतृत्व किया। एनडीएमसी सदस्य - श्री अनिल वाल्मीकि ने तालकटोरा गार्डन, सदस्य - श्री डी.पी. सिंह ने सेंट्रल पार्क, कनॉट प्लेस तथा अन्य सदस्य -  श्रीमती सरिता तोमर ने वीर सावरकर पार्क, लोधी रोड में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति परिषद की सामूहिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया।

इस महत्वाकांक्षी पौधारोपण अभियान के अंतर्गत एनडीएमसी ने अपने विभिन्न हरित क्षेत्रों में देशी एवं सजावटी प्रजातियों के 612 से अधिक वृक्षों तथा 50,200 झाड़ियों का सफलतापूर्वक रोपण किया, जिससे निर्धारित लक्ष्य को भी पार कर लिया गया। अभियान के सुचारु संचालन हेतु 50,200 से अधिक पौधारोपण गड्ढों को वैज्ञानिक तरीके से पूर्व में ही तैयार किया गया था।

इस पौधारोपण अभियान में पारिस्थितिकीय दृष्टि से महत्वपूर्ण देशी वृक्ष प्रजातियों जैसे पीपल, नीम, जामुन, इमली, चंपा, अशोक, गुलमोहर एवं अमलतास के साथ-साथ जैव विविधता को समृद्ध करने वाली एवं सजावटी झाड़ियों जैसे हामेलिया, जस्टिसिया, कैना, लिली, मुराया सहित अनेक अन्य प्रजातियों का रोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य केवल हरित क्षेत्र का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि शहरी जैव विविधता को बढ़ावा देना, वायु गुणवत्ता में सुधार करना तथा सार्वजनिक स्थलों को अधिक आकर्षक एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाना भी है।

वर्तमान में एनडीएमसी लगभग 1,450 एकड़ हरित क्षेत्र का रखरखाव कर रही है, जिसमें 6 प्रतिष्ठित पार्क, 122 कॉलोनी पार्क, सीपीडब्ल्यूडी द्वारा अनुरक्षित 981 पार्क, 52 विद्यालयों के हरित क्षेत्र, 51 गोलचक्कर, 14 मार्केट गार्डन तथा लगभग 15,000 सड़क किनारे लगे वृक्ष शामिल हैं। यद्यपि एनडीएमसी का क्षेत्रफल दिल्ली के कुल भौगोलिक क्षेत्र का केवल लगभग 3 प्रतिशत है, फिर भी यह राष्ट्रीय राजधानी के कुल हरित आवरण का लगभग 55 प्रतिशत योगदान देता है, जिससे एनडीएमसी भारत की सबसे हरित शहरी स्थानीय निकायों में से एक है।

‘व्यापक पौधारोपण अभियान–2026’ पर्यावरण संरक्षण, जलवायु अनुकूलन तथा सतत शहरी विकास के प्रति एनडीएमसी की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सक्रिय जनभागीदारी तथा हरियाली के निरंतर विस्तार के माध्यम से एनडीएमसी वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित राष्ट्रीय राजधानी के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ