नई दिल्ली नगरपालिका परिषद
संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता
एनडीएमसी ने अपनी शून्य-अपशिष्ट एवं सतत विकास पहल के अंतर्गत सांगली अपार्टमेंट्स को आठवीं “अनुपम कॉलोनी” के रूप में प्रमाणित किया,
“अनुपम कॉलोनी” पहल पर्यावरण-सचेत एवं आत्मनिर्भर आवासीय समुदायों के निर्माण हेतु एनडीएमसी के मिशन का नेतृत्व कर रही है — श्री केशव चंद्रा.
नई दिल्ली, 22 जून, 2026.सतत शहरी जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष - श्री केशव चंद्रा ने आज नई दिल्ली स्थित कोपरनिकस मार्ग पर सांगली अपार्टमेंट्स में शिलापट्ट का अनावरण कर उसे “अनुपम कॉलोनी” के रूप में प्रमाणित किया। यह सम्मान उत्कृष्ट अपशिष्ट प्रबंधन एवं सतत विकास संबंधी आदर्श कार्यप्रणालियों को अपनाने वाली एक मॉडल आवासीय कॉलोनी के रूप में सांगली अपार्टमेंट को प्रदान किया गया।
सांगली अपार्टमेंट्स को “अनुपम कॉलोनी” के रूप में प्रमाणित करते हुए शिलापट्ट का अनावरण करने के पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए एनडीएमसी अध्यक्ष - श्री केशव चंद्रा ने कहा कि, “सबसे पहले मैं यहां के सभी निवासियों को बधाई देता हूं कि यह कॉलोनी ‘अनुपम कॉलोनी’ के रूप में प्रमाणित होने वाली आठवीं कॉलोनी बनी है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस कॉलोनी के लोग अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और सक्रियता के साथ इस अभियान में आगे आए हैं। यहां अपशिष्ट पृथक्करण के लिए पांच अलग-अलग डिब्बों की व्यवस्था की गई है, जिससे उत्पन्न होने वाले प्रत्येक प्रकार के कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया जा सके। सूखे कचरे का सूक्ष्म स्तर पर पृथक्करण कर रिसाइकल योग्य सामग्री जैसे कपड़े, खिलौने, गत्ता, प्लास्टिक एवं कांच को अलग किया जाता है, जिससे स्रोत स्तर पर ही कचरे में कमी आती है। इसके अतिरिक्त सैनिटरी अपशिष्ट, विशेष देखभाल अपशिष्ट, गीला कचरा, उद्यानिकी अपशिष्ट तथा ई-वेस्ट का भी पृथक्करण किया जा रहा है। यह सब केवल इसलिए संभव हो पाया है क्योंकि यहां के निवासी सक्रिय रूप से इसमें भागीदारी कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “इसके अतिरिक्त हमने चार और कूड़ेदान की व्यवस्था की है, जिनमें घरेलू खतरनाक अपशिष्ट एवं अन्य श्रेणियों के कचरे का संग्रहण ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एमएसडब्ल्यू) नियम, 2026 के अनुरूप किया जाएगा। इस प्रकार हम इन सभी कॉलोनियों में नियमों से आगे बढ़कर कार्य कर रहे हैं। यह निवासियों के सहयोग के बिना संभव नहीं था। यह पहली रक्षा सेवाओं की आवासीय कॉलोनी है जिसने यह विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त की है।”
इस अवसर पर श्री केशव चंद्रा ने कॉलोनी के निवासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी पड़ोस के निर्माण हेतु उनका समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि सांगली अपार्टमेंट्स को “अनुपम कॉलोनी” का प्रमाणन मिलना पर्यावरणीय सततता प्राप्त करने में सामूहिक जनभागीदारी की शक्ति को दर्शाता है। एनडीएमसी जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधन संरक्षण तथा नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सांगली अपार्टमेंट्स के निवासियों ने यह सिद्ध किया है कि सतत विकास संबंधी व्यवहारों को दैनिक जीवन का सहज हिस्सा बनाया जा सकता है, जो दिल्ली एवं देशभर की अन्य आवासीय कॉलोनियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने आगे कहा कि सांगली अपार्टमेंट्स का “अनुपम कॉलोनी” के रूप में प्रमाणन एनडीएमसी की शून्य-अपशिष्ट आवासीय क्षेत्रों के निर्माण, लैंडफिल पर निर्भरता कम करने, संसाधनों की पुनर्प्राप्ति को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ एवं हरित नई दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रतिष्ठित “अनुपम कॉलोनी” प्रमाणन उन आवासीय कॉलोनियों को प्रदान किया जाता है, जो स्रोत स्तर पर 100 प्रतिशत अपशिष्ट पृथक्करण सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपशिष्ट का वैज्ञानिक ढंग से स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण करती हैं और इस प्रकार परिपत्र अर्थव्यवस्था (Circular Economy) एवं सतत शहरी विकास की अवधारणा को साकार करने में योगदान देती हैं।
श्री केशव चंद्रा ने बताया कि सांगली अपार्टमेंट्स ने एक समग्र अपशिष्ट प्रबंधन तंत्र को सफलतापूर्वक लागू कर यह उपलब्धि प्राप्त की है, जिसमें सभी घरों द्वारा स्रोत स्तर पर 100 प्रतिशत अपशिष्ट पृथक्करण, घरेलू गीले कचरे का स्थानीय स्तर पर कम्पोस्टिंग के माध्यम से पुनः उपयोग, सूखे कचरे के पृथक्करण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन हेतु मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), पुनः उपयोग एवं सामुदायिक साझेदारी को प्रोत्साहित करने के लिए आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle) केंद्र तथा “नेकी की दीवार” पहल, उद्यानिकी अपशिष्ट का स्थानीय स्तर पर कम्पोस्टिंग एवं वैज्ञानिक प्रसंस्करण तथा पर्यावरण जागरूकता एवं अपशिष्ट में कमी लाने संबंधी अभियानों में निवासियों की सक्रिय भागीदारी शामिल है।
कोपरनिकस मार्ग स्थित सांगली अपार्टमेंट्स के अध्यक्ष - एयर कमोडोर श्री उमेश पी. नगराले ने मीडिया को संबोधित करते हुए सांगली अपार्टमेंट्स को “अनुपम कॉलोनी” प्रमाणन प्रदान करने के लिए एनडीएमसी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि रक्षा अधिकारियों की आवासीय कॉलोनियों में हमारी सांगली अपार्टमेंट कॉलोनी पहली कॉलोनी बनी है, जिसे एनडीएमसी द्वारा “अनुपम कॉलोनी” का सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के निवासी सदैव स्वच्छता एवं हरियाली के उच्च मानकों को बनाए रखते आए हैं। अब स्रोत स्तर पर वैज्ञानिक अपशिष्ट पृथक्करण की व्यवस्था लागू होने से इन प्रयासों को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने नई दिल्ली में हरियाली एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने हेतु एनडीएमसी द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी सराहना की तथा इन पहलों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
यह “अनुपम कॉलोनी” शिलापट्ट अनावरण समारोह सांगली अपार्टमेंट्स में आयोजित किया गया, जिसमें एनडीएमसी की मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (एमओएच) - डॉ. शकुंतला श्रीवास्तव, सांगली अपार्टमेंट्स के सचिव - विंग कमांडर श्री अमिताभ रंजन, एनडीएमसी के विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कर्मचारी तथा स्थानीय क्षेत्र की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
“अनुपम कॉलोनी” पहल एनडीएमसी के व्यापक सतत विकास एजेंडा का प्रमुख घटक है, जिसका उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों को आत्मनिर्भर एवं पर्यावरण-सचेत समुदायों में परिवर्तित करना है। यह प्रमाणन उन कॉलोनियों को प्रदान किया जाता है जो न केवल वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन पद्धतियों को अपनाती हैं, बल्कि अपने निवासियों के बीच पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की संस्कृति को भी प्रोत्साहित करती हैं।
सांगली अपार्टमेंट्स के शामिल होने के साथ अब तक एनडीएमसी कुल आठ आवासीय क्षेत्रों को “अनुपम कॉलोनी” के रूप में प्रमाणित कर चुका है। इनमें जून 2025 में चाणक्यपुरी (डी-1, डी-2 एवं सत्य सदन ऑफिसर्स फ्लैट्स), जुलाई 2025 में भारती नगर, वर्ष 2025 में आराधना (बर्मा शेल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड), सितंबर 2025 में बापू धाम, अक्टूबर 2025 में न्यू मोती बाग, फरवरी 2026 में काका नगर, मई 2026 में जोर बाग तथा अब जून 2026 में सांगली अपार्टमेंट्स शामिल हैं।
एनडीएमसी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों एवं नागरिकों से अपील करती है कि वे सतत अपशिष्ट प्रबंधन पहलों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा स्वच्छ, हरित एवं सतत राजधानी के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने में अपना योगदान दें।
0 टिप्पणियाँ