माननीय उपराज्यपाल ने खान मार्केट का दौरा कर प्रतिष्ठित बाजार की मध्य लेन में चल रहे सुधार एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद
संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता 

• माननीय उपराज्यपाल ने खान मार्केट का दौरा कर प्रतिष्ठित बाजार की मध्य लेन में चल रहे सुधार एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

• माननीय उपराज्यपाल ने एनडीएमसी अधिकारियों को गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों, विशेषकर अग्नि सुरक्षा संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए तथा वैश्विक सर्वोत्तम कार्यप्रणाली को अपनाकर नागरिक सुविधाओं में सुधार हेतु कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

• माननीय उपराज्यपाल ने सत्य मार्ग पर स्थापित मॉड्यूलर वर्षा जल संचयन प्रणाली के कार्यान्वयन का भी निरीक्षण किया; जल संरक्षण प्रणाली के विकेंद्रीकरण की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी कार्य मानसून शुरू होने से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।

नई दिल्ली, 16 जून, 2026.दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल - सरदार तरणजीत सिंह संधू ने कल खान मार्केट का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा स्थानीय दुकानदारों एवं बाजार में आए आगंतुकों से भी मुलाकात की। इस अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष - श्री केशव चंद्र, उपाध्यक्ष - श्री कुलजीत सिंह चहल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
माननीय उपराज्यपाल ने खान मार्केट में चल रहे सुधार एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा परियोजना की प्रगति एवं कार्यान्वयन समय-सीमा के संबंध में एनडीएमसी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अभियंताओं से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने क्षेत्र के आधुनिकीकरण तथा नागरिक सुविधाओं के उन्नयन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक दृष्टि के अनुरूप खान मार्केट को एक प्रमुख एवं सुव्यवस्थित अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खान मार्केट में ऐसा वातावरण विकसित किया जाना चाहिए जो आगंतुकों को एक नया अनुभव प्रदान करे तथा विकास की स्पष्ट झलक प्रस्तुत करे।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शहरी आधारभूत ढांचे के सर्वोच्च मानकों को सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। ऐसे प्रतिष्ठित सार्वजनिक एवं व्यावसायिक स्थलों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार, यातायात एवं पैदल यात्री प्रबंधन में सुधार तथा आगंतुकों, पर्यटकों एवं स्थानीय व्यवसायों के लिए निर्बाध अनुभव उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।

माननीय उपराज्यपाल ने संबंधित विभागों को शेष विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा, "हम दिल्ली के शहरी परिदृश्य को आधुनिक, सतत एवं विश्वस्तरीय नागरिक वातावरण में परिवर्तित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

माननीय उपराज्यपाल ने एनडीएमसी क्षेत्र के अंतर्गत सत्य मार्ग, नई दिल्ली में स्थापित मॉड्यूलर वर्षा जल संचयन प्रणाली के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने एनडीएमसी अध्यक्ष से इस  प्रणाली की संरचना, परिचालन दक्षता एवं दीर्घकालिक स्थायित्व संबंधी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की तथा परियोजना के क्रियान्वयन में लगे अधिकारियों से भी संवाद किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ एवं विकेंद्रीकृत करना जलवायु-अनुकूल तथा पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ राजधानी के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसी मॉड्यूलर वर्षा जल संचयन प्रणालियां भूजल  के भराव को बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर जलभराव को कम करने तथा दिल्ली में प्रभावी शहरी जल प्रबंधन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मानसून के आगमन को देखते हुए, उन्होंने शहरभर में ऐसी पर्यावरण-अनुकूल एवं टिकाऊ  प्रणालियों को तेजी से अपनाने एवं विस्तारित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, "हम हरित शहरी विकास को आगे बढ़ाने तथा नवाचारी एवं सुदृढ़ नागरिक आधारभूत ढांचे के माध्यम से दिल्ली के पर्यावरणीय भविष्य को सुरक्षित करने के लिए दृढ़तापूर्वक प्रतिबद्ध हैं।"
एनडीएमसी अध्यक्ष - श्री केशव चंद्रा ने माननीय उपराज्यपाल को अवगत कराया कि परिषद की 340 मौजूदा एवं प्रस्तावित वर्षा जल संचयन संरचनाओं में से 290 का कार्य पूर्ण कर उन्हें साफ-सुथरा एवं संचालन योग्य बना दिया गया है। शेष 50 संरचनाओं, जिनमें 28 मॉड्यूलर एवं 22 पारंपरिक संरचनाएं शामिल हैं, की सफाई एवं तैयारी कार्य तीव्र गति से चल रहा है और इसे जून , 2026 के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान एनडीएमसी ने 61 मॉड्यूलर वर्षा जल संचयन गड्ढों का निर्माण किया है, जिनमें प्रत्येक की भंडारण क्षमता 30 किलोलीटर है।

इस अवसर पर एनडीएमसी के उपाध्यक्ष - श्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत @2047 के विजन तथा माननीय उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू जी के मार्गदर्शन में एनडीएमसी स्वच्छ, हरित, स्मार्ट एवं विश्वस्तरीय नई दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खान मार्केट राष्ट्रीय राजधानी के सबसे प्रमुख एवं प्रतिष्ठित व्यावसायिक स्थलों में से एक है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में आगंतुक आते हैं। एनडीएमसी बाजार के समग्र पुनर्विकास एवं उन्नयन पर लगातार कार्य कर रही है ताकि आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाया जा सके, पहुंच-सुविधा में सुधार हो तथा आगंतुकों, ग्राहकों एवं स्थानीय व्यवसायों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो।

श्री चहल ने आगे कहा, "हम कार्यों की समयबद्ध पूर्णता तथा गुणवत्ता एवं सुरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा एवं निगरानी कर रहे हैं। क्षेत्र में स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एनडीएमसी ने खान मार्केट में विशेष रात्रिकालीन सफाई अभियान भी शुरू किया है, जिससे प्रतिदिन आगंतुकों को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध हो सके।"

उन्होंने कहा कि खान मार्केट का पुनर्विकास तथा मॉड्यूलर वर्षा जल संचयन प्रणालियों का विस्तार एनडीएमसी की नागरिक सुविधाओं के उन्नयन, पर्यावरणीय स्थिरता को मजबूत करने तथा विकसित भारत @2047 के विजन के अनुरूप जलवायु-अनुकूल राजधानी के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ