नई दिल्ली नगरपालिका परिषद
संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता
- एनडीएमसी के सुविधा शिविर में प्राप्त हुईं 61 जन शिकायतें, नागरिकों से सीधे संवाद के माध्यम से हुआ समाधान,
- एनडीएमसी ने सुविधा शिविर के माध्यम से जनसंपर्क को किया सशक्त; एक ही छत के नीचे 100 से अधिक अधिकारियों ने किया शिकायतों के निवारण का प्रयास ।
नई दिल्ली, 06 जून, 2026.नागरिक-केंद्रित सुशासन तथा प्रभावी जनसेवा प्रदान करने की अपनी सतत प्रतिबद्धता के तहत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने आज जय सिंह रोड स्थित एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर में एक जन शिकायत निवारण सुविधा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य एनडीएमसी क्षेत्र के निवासियों एवं सेवा उपभोक्ताओं को सूचना, सुविधा एवं शिकायत निवारण हेतु एक समर्पित मंच उपलब्ध कराना था।
एनडीएमसी सुविधा शिविर को नागरिकों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। शिविर के दौरान कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा संज्ञान लेकर निवारण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। प्राप्त शिकायतों में मुख्यतः कार्मिक, सिविल इंजीनियरिंग, उद्यान, जन स्वास्थ्य, प्रवर्तन, वाणिज्यिक, कर तथा संपदा विभागों से संबंधित विषय शामिल थे।
सुविधा शिविर में शिकायतों के अतिरिक्त, बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी एवं सेवा उपभोक्ता विभिन्न नागरिक सेवाओं तथा एनडीएमसी द्वारा संचालित जनहितकारी पहलों की जानकारी प्राप्त करने के लिए भी पहुंचे।
एनडीएमसी सुविधा शिविर की प्रमुख विशेषता यह रही कि नागरिकों को संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ आमने-सामने संवाद करने का अवसर मिला, जिससे उनकी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने तथा उनके त्वरित समाधान में सहायता मिली। जिन मामलों में नीतिगत स्तर पर निर्णय अपेक्षित थे, उनमें नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया एवं संभावित समय-सीमा की भी जानकारी प्रदान की गई।
इस सुविधा शिविर में एनडीएमसी के 30 विभागों के 100 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिससे जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को सुनिश्चित किया जा सका। विभिन्न विभागों के सहायता काउंटरों की निगरानी संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा स्वयं की गई, जो एनडीएमसी की जवाबदेही, पारदर्शिता एवं संवेदनशील प्रशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डिजिटल प्रशासन को सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से एनडीएमसी ने "जन सुविधा पोर्टल" भी स्थापित किया है, जो निवासियों एवं सेवा उपभोक्ताओं के लिए एक संपर्क-रहित शिकायत निवारण मंच के रूप में कार्य करता है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं, उनकी स्थिति की वास्तविक समय में निगरानी कर सकते हैं तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया पर अपनी प्रतिक्रिया भी दे सकते हैं। जन सुविधा पोर्टल एनडीएमसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है और समयबद्ध एवं पारदर्शी शिकायत निवारण सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में कार्य कर रहा है।
इसके अतिरिक्त, एनडीएमसी अपने सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भी शिकायतों के पंजीकरण की सुविधा प्रदान करता है, जिससे नागरिक विभिन्न माध्यमों से परिषद से जुड़ सकते हैं। इन माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा निरंतर निगरानी की जाती है तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है।
एनडीएमसी सुविधा शिविर की यह पहल नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने, सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिक समस्याओं के पारदर्शी, उत्तरदायी एवं समयबद्ध समाधान के प्रति एनडीएमसी की अटूट प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है।
0 टिप्पणियाँ