एनडीएमसी के ‘सुविधा शिविर’ में 40 जन शिकायतों का प्राप्ति,


संवाददाता - पवन कुमार गुप्ता 
नई दिल्ली 

एनडीएमसी के ‘सुविधा शिविर’ में 40 जन शिकायतों का प्राप्ति,

 एनडीएमसी सुविधा  कैंप नागरिक-केंद्रित सुशासन का सशक्त उदाहरण.

नई दिल्ली, 04 अप्रैल 2026 नागरिकों के प्रति उत्तरदायी, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित प्रशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करते हुए, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) ने जय सिंह रोड स्थित एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर में आज  ‘सुविधा शिविर’ का सफल आयोजन किया। 
यह शिविर एनडीएमसी क्षेत्र के निवासियों एवं सेवा उपभोक्ताओं के लिए एकल खिड़की (सिंगल विंडो) के रूप में शिकायत निवारण, जानकारी प्रदान करने तथा सुविधाओं के त्वरित समाधान हेतु आयोजित किया गया।
इस शिविर में नागरिकों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली, जिसमें कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन्हें संबंधित विभागों द्वारा तत्काल निस्तारण हेतु लिया गया। प्राप्त शिकायतें मुख्यतः कार्मिक, सिविल इंजीनियरिंग, उद्यान, जन स्वास्थ्य, प्रवर्तन, वाणिज्य, कर एवं संपत्ति विभागों से संबंधित थीं। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न नागरिक सेवाओं के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

शिविर की एक प्रमुख विशेषता नागरिकों और विभागीय अधिकारियों के बीच सीधा संवाद ( फेस टू फेस इंटरेक्शन) रहा, जिससे पारदर्शिता, स्पष्टता एवं त्वरित निर्णय लेने की प्रक्रिया को बल मिला। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि नीतिगत स्तर के मामलों में शिकायतकर्ताओं को प्रक्रिया एवं समय-सीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई।

प्रभावी एवं जवाबदेह सेवा सुनिश्चित करने हेतु शिविर में 30 से अधिक विभागों के 100 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए। प्रत्येक विभाग के सहायता केंद्रों की निगरानी संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा की गई, जो एनडीएमसी की जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था का परिचायक है।

डिजिटल सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए, एनडीएमसी ने ‘जन सुविधा पोर्टल’ भी प्रारंभ किया है, जो एक संपर्क-रहित (कांटेक्टलेस) शिकायत निवारण मंच है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं, उसकी स्थिति का वास्तविक समय में अवलोकन कर सकते हैं तथा अपनी प्रतिक्रिया भी दे सकते हैं।

इसके अतिरिक्त, एनडीएमसी ट्विटर, फेसबुक एवं इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया माध्यमों पर प्राप्त शिकायतों का भी निरंतर निगरानी कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है।

‘सुविधा शिविर’ एवं ‘जन सुविधा पोर्टल’ जैसी पहलों के माध्यम से एनडीएमसी नागरिकों को शासन के केंद्र में रखते हुए, सुलभ, प्रभावी एवं जन-हितैषी सेवाएं प्रदान करने के अपने संकल्प को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ